Himachal Update- बरमाणा सीमेंट प्लांट बंद होने से हुआ मजदूरों का नुकसान, बरमाणा और बैरी बाजार पड़े सूने।
टायर पंक्चर, मेकेनिक समेत अन्य दुकानें भी बंद।

हाल ही में बरमाणा सीमेंट प्लांट बंद होने के कारण बाहरी राज्यों से आए मजदूरों और छोटे कारोबारियों ने यहां से पलायन करना शुरू कर दिया है। बताया जा रहा है कि पिछले तीन दिन में 75 प्रतिशत ढाबा, टायर पंक्चर, मेकेनिक समेत अन्य दुकानों के कर्मचारियों और मालिकों ने भी अपनी दुकानें बंद कर दी हैं। इसके साथ ही कई ढाबे चल रहे हैं, लेकिन वहां पर भी मालिक खाली बैठे हैं। सड़क से गुजर रहे इक्का-दुक्का राहगीर और पर्यटक ही उनके पास रुक रहे हैं। इन सभी का कहना है कि अब सरकार खुद इस मामले में अदाणी समूह से बात करे और कंपनी को बंद होने से रोका जाए ताकि उनका रोजगार बचा रहे।
बताया जा रहा है कि प्लांट से शनिवार को भी कुछ मजदूर घर के लिए रवाना हुए। बताया गया कि ज्यादातर यूपी और बिहार के मजदूर थे। वह दोपहर 2:00 बजे दाड़लाघाट से चंडीगढ़ जाने वाली बस में निकल गए। बताया गया कि बरमाणा सीमेंट प्लांट बंद होने से हार्डवेयर और स्पेयर पार्ट्स के लिए मशहूर बरमाणा और बैरी बाजार सूने हो गए हैं। इन बाजारों में स्पेयर पार्ट्स, टायर पंक्चर और मेकेनिक की दुकानें हैं।



