Himachal Update – कोहरे से जम गया हिमाचल, सुबह-शाम प्रचंड ठंड से लोगों का घरों से बाहर निकला दुश्वार।
सभी जगहों पर न्यूनतम तापमान पांच डिग्री से नीचे आ गया।

हिमाचल में कोहरे के कारण ठंड का प्रकोप काफी बढ़ गया है। मैदानी इलाकों में कोहरे के कारण प्रदेश में सुबह और शाम के समय भारी ठंड पडऩे लगी है। आलम यह है कि प्रदेश के आठ शहरों में पारा मानइस में पहुंच गया है। बाकी सभी जगहों पर न्यूनतम तापमान पांच डिग्री से नीचे आ गया है। हिमाचल में बर्फबारी और बारिश होने से पहले ही सर्दी का कोल्ड अटैक शुरू हो गया है। नाहन को छोडक़र अन्य सभी शहरों का न्यूनतम तापमान सामान्य से 1 से 4 डिग्री सेल्सियस तक नीचे गिर गया है। लाहुल-स्पीति के कुकुमसेरी का न्यूनतम तापमान माइनस 7.9 डिग्री सेल्सियस और केलांग का -7.4 डिग्री तक पहुंच गया है। मंडी के सुंदरनगर, भुंतर, कल्पा, रिकांगपिओ, सियोबाग और मनाली का तापमान भी माइनस में चला गया है। इससे सुबह शाम कड़ाके की ठंड पड़ रही है।
तापमान के जमाव बिंदु से नीचे गिरने की वजह से पानी की पाइप जमनी शुरू हो गई हैं। इस बीच मौसम विभाग ने 25 और 26 दिसंबर को हल्के हिमपात का पूर्वानुमान लगाया है। इससे पहले ही प्रदेश में शीत लहर चलने लगी है। अधिक ऊंचे क्षेत्रों के साथ-साथ मैदानी इलाकों में ठंड का ज्यादा कहर देखने को मिल रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने प्रदेश के मैदानी इलाकों के लिए शीत लहर और घने कोहरे का ताजा अलर्ट जारी किया है। प्रदेश के मैदानी जिले बिलासपुर, मंडी, हमीरपुर और कांगड़ा में दोपहर तक कोहरे के कारण विजिबिलिटी 50 मीटर तक कम हो सकती है। इसे देखते हुए वाहन चालकों को सावधानी से गाड़ी चलाने की सलाह दी गई है।