Himachal Update – भ्रष्टाचार करने वालों को हो फांसी।
पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार ने सरकार के समक्ष उठाई आवाज।

प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार ने कहा कि छोटे से हिमाचल प्रदेश में ही इतना भयंकर भ्रष्टाचार हो रहा है तो फिर पूरे भारत में भ्रष्टाचार से कितनी लूट हो रही है। यह सोच कर ही सिर चकराने लगता है और शर्म से झुक जाता है। शांता कुमार ने कहा कि लोकसभा का एक अधिवेशन केवल और केवल इसी विषय पर विचार करने के लिए होना चाहिए। पार्टियों की दीवारों से ऊपर उठकर पूरे देश के नेता इस विषय पर विचार करें-कानून बदला जाएं। गंभीर भ्रष्टाचार के मामलों पर फांसी की सजा देने का प्रावधान किया जाए। लगभग दस वर्ष पहले हिमाचल के गरीब बच्चों की छात्रवृत्ति का केंद्र से आया हुआ लगभग 250 करोड़ रुपए फर्जी छात्रों को कागज पर बांट दिया गया।
इसमें प्रमुख अधिकारी, अध्यापक शामिल थे। अब सीबीआई जांच कर रही है। देवभूमि कही जाने वाली हिमाचल प्रदेश में शिक्षा के मंदिरों में इस प्रकार का भयंकर भ्रष्टाचार सोच कर शर्म आती है। उन्होंने कहा कि 42 हजार फर्जी डिग्रियां लगभग एक हजार करोड़ रुपए में बेच दी गई। बेचने वाला परिवार सहित विदेश में मौज कर रहा है। उसके बैंक खाते में अब कोई धन नहीं है, जांच हो रही है होती रहेगी। शांता कुमार ने कहा पुलिस भर्ती पेपर लीक मामले में कई प्रदेशों के लगभग 200 आरोपी हैं। पुलिस के घर में ही चोरी हो रही है अभी तक हुआ कुछ नहीं, बहुत शर्मनाक है। जांच चल रही है। उन्होंने कहा कि इन तीन मामलों के अतिरिक्त नशा आदि सैकड़ों अपराध के और भी मामले प्रदेश में है। इस किस्म का भयंकर भ्रष्टाचार जब होता है तो यह बात कई लोगों तक पहुंचती होगी। उसी समय सरकार तक सूचना क्यों नही मिलती।