Himachal Update:- अभी और भी सनसनीखेज खुलासे होंगे, भर्तियों के लिए 60 दिनों में पारदर्शी प्रक्रिया-सीएम।
प्रदेश के युवाओं को आश्वस्त करना चाहते हैं सुक्खू।

हिमाचल प्रदेश के नए मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा है कि हिमाचल प्रदेश कर्मचारी चयन आयोग में भर्ती घोटाले में अभी कई और सनसनीखेज खुलासे होंगे। उन्होंने कहा कि इस भर्ती गड़बड़झाले में पिछली भाजपा सरकार ने बहुत सी गलतियां की हैं। इस संबंध में जानकारियां एकत्र की जा रही हैं। सुक्खू ने कहा कि हिमाचल में भर्तियों के लिए 60 दिन में पारदर्शी प्रक्रिया लाई जाएगी। जो परीक्षाएं स्थगित हुईं, उन्हें दोबारा से करवाने के बारे में भी 60 दिन में निर्णय होगा।
इस बीच सुक्खू ने कहा कि वह प्रदेश के युवाओं को आश्वस्त करना चाहते हैं कि आने वाले समय में युवाओं को रोजगार के अवसर दिलाने के लिए पारदर्शीपूर्ण तरीके से भर्ती की प्रक्रिया शुरू करेंगे। सुक्खू ने कहा कि भ्रष्टाचार और घोटाले पिछली सरकार के भाई-बहन थे। मंगलवार को पीटरहॉफ शिमला में पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि हमीरपुर में हुए भर्ती गड़बड़झाले में केवल कर्मचारियों की ही संलिप्तता रही हो, इतनी सी बात नहीं है। इसलिए आयोग के कामकाज को निलंबित कर सबको जांच के दायरे में लाया गया है। आगे जो परीक्षाएं होंगी, उन सबको स्थगित किया गया है। सुक्खू ने कहा कि प्रदेश के 14 लाख युवाओं के साथ न्याय होगा। राज्य में भर्ती प्रक्रिया में कोई भाई-भतीजावाद नहीं होगा। कोई रिश्तेदारी नहीं देखी जाएगी। सुक्खू ने भर्ती प्रक्रिया के इस गड़बड़झाले के लिए भाजपा सरकार को जिम्मेवार ठहराते हुए कहा कि पिछली सरकार ने आंखें मूंद लीं और प्रदेश के युवाओं के साथ धोखाधड़ी की है।



