Himachal Update :- सुजानपुर में एक भी पैट डॉग का रजिस्ट्रेशन नहीं।
शहर के कई लोगों ने पाले हैं महंगे से महंगे श्वान।
सुजानपुर।
हिमाचल प्रदेश में नगर परिषद एरिया सुजानपुर में कई लोगों ने महंगे दामों में खरीद कर पैट डॉग्स पाल रखे हैं लेकिन हैरानी की बात यह है कि नगर परिषद में एक भी ऐसे पैट डॉग का रजिस्ट्रेशन नहीं है। इस बीच नगर परिषद एरिया मेँ सरकार द्वारा पैट डॉग रखने के लिए रजिस्ट्रेशन किए जाने को आवश्यक बनाया गया है इसके अलावा इसके लिए 50रू प्रति माह की फीस भी निर्धारित की गई है जिसे नगर परिषद अपने स्तर पर इस फीस को बढा भी सकती है।
बताया जा रहा है कि सुजानपुर के सभी 9 वार्डों में पैट डॉग के शौकीन है। हजारों रुपए के महंगे दामों में पेट डॉग्स को खरीद कर शौकीन अपना शौक पूरा कर रहे हैं लेकिन अभी पैट डॉग्स का रजिस्ट्रेशन करवाना ना पैट डॉग मालिकों ने उचित समझा ना ही नगर परिषद ने इनका रजिस्ट्रेशन कराने की अभी तक जहमत उठाई है।
इस बीच बताया गया कि पैट डॉग मालिकों से फीस लेना तो दूर नगर परिषद के पास यह भी रिकॉर्ड नहीं है कि सुजानपुर में कितने पैट डॉग हैं। कई बार यह पैट डॉग्स लोगों पर हमला भी कर देते हैं लेकिन इनकी सही जानकारी ना होने के चलते कोई कार्यवाही नहीं की जाती है। इन पैट डॉग्स के मालिक सुबह शाम अपने श्वान को घुमाने के लिए ले जाते हैं जहां पर यह श्वान रास्ते में गंदगी भी फैलाते हैं।
आवारा डॉग्स की भी कमी नहीं।
शहर में आवारा डॉग्स की भी कमी नहीं है। जगह-जगह यह आवारा डॉग झुँडोँ में देखे जाते हैं। आपस में लड़ते झगड़ते कई बार लोगों पर हमला भी कर देते हैं।



