Himachal Update:- चार से छह जनवरी तक होगा विस का शीत सत्र।
इस बीच सात या आठ को मंत्री लेंगे शपथ।

हिमाचल प्रदेश विधानसभा का शीतकालीन सत्र चार से छह जनवरी तक धर्मशाला के तपोवन में होगा। राज्यपाल से मंजूरी लेकर विधानसभा सचिवालय ने शुक्रवार शाम को 14वीं विधानसभा के प्रथम सत्र के आयोजन की अधिसूचना जारी की। उधर, तीन जनवरी को जोरावर स्टेडियम धर्मशाला में कांग्रेस की अभिनंदन रैली होगी। इस रैली में मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू, उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह का अभिनंदन किया जाएगा। सात या आठ जनवरी को शिमला में नए मंत्रियों को शपथ दिलाने की तैयारी है। आठ जनवरी दोपहर को राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर के प्रदेश से बाहर जाने का कार्यक्रम है।धर्मशाला के तपोवन में 22 से 24 दिसंबर तक विधानसभा का शीत सत्र प्रस्तावित था। मुख्यमंत्री सुक्खू के कोरोना पॉजिटिव होने से सत्र टल गया था। एक जनवरी तक राज्यपाल प्रदेश से बाहर हैं। ऐसे में सरकार ने राज्यपाल सचिवालय से चर्चा के बाद शुक्रवार को चार से छह जनवरी तक विधानसभा का शीत सत्र आयोजित करने का फैसला लिया है।
बताया जा रहा था कि चार जनवरी को प्रोटेम स्पीकर चंद्र कुमार सभी निर्वाचित विधायकों को शपथ दिलाएंगे। पांच जनवरी को राज्यपाल का अभिभाषण होगा। छह जनवरी को अभिभाषण पर चर्चा और धन्यवाद प्रस्ताव पेश किया जाएगा। इस बीस सत्र के समापन के बाद ही मुख्यमंत्री सुक्खू के शिमला आने की संभावना है। ऐसे में सात या आठ जनवरी को मंत्रिमंडल का विस्तार भी किया जा सकता है।



