Himachal Update:- राजौरी में आतंकी हमला, तीन की मौत।
आतंकवादियों ने हिंदू परिवारों पर की फायरिंग, दस लोग घायल।

जम्मू-कश्मीर के राजौरी में रविवार देर शाम आतंकवादियों ने हिंदू परिवारों पर फायरिंग कर दी, जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई। साथ ही 10 लोग घायल भी हुए हैं। बताया जा रहा है कि सुरक्षाकर्मियों ने घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया साथ ही पूरे इलाके की घेराबंदी कर आतंकियों की तलाश शुरू कर दी। इसके साथ ही बताया गया कि आतंकियों ने ये गोलीबारी राजौरी के धनगरी इलाके में की है। पुलिस ने बताया कि करीब 7:15 बजे हायर सेकेंडरी स्कूल , डांगरी के पास गोलीबारी की घटना हुई, जिसमें एक महिला व एक बच्चे सहित एक हिंदू परिवार के 10 लोग घायल हो गए। इसके साथ ही बताया गया कि बाद में तीन लोगों ने दम तोड़ दिया, जबकि अन्य का इलाज जीएमसी राजौरी में चल रहा है। मौके पर सुरक्षा बल पहुंच गया। घटना अपर डांगरी गांव की है। करीब 50 मीटर की दूरी पर अलग-अलग तीन घरों में फायरिंग की गई। इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है।
बताया जा रहा है कि राजौरी के अस्पतल के चिकित्सा अधीक्षक डा. महमूद ने बताया कि राजौरी के डांगरी इलाके में फायरिंग की घटना में तीन लोगों की मौत हो गई और 10 घायल हो गए। घायलों का इलाज किया जा रहा है। पुलिस व जिला प्रशासन मौके पर पहुंच गया। घायलों के शरीर पर गोलियों के कई निशान पाए गए हैं। उधर, कुपवाड़ा पुलिस ने आतंकवाद विरोधी गतिविधियों में एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए जिला के करनाह इलाके से एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर भारी मात्रा में हथियार, गोला-बारूद और नशीला पदार्थ बरामद किया है। जिला पुलिस कुपवाड़ा द्वारा प्राप्त एक विशेष सूचना के आधार पर, करनाह पुलिस थाना के चटकड़ी इलाके में दो व्यक्तियों द्वारा हथियारों, गोला-बारूद और नशीले पदार्थों की एक बड़ी खेप की तस्करी की गई है।



