Himachal Update:- मल्टी टास्क वर्कर्ज की नौकरी पर मंडराया अब बड़ा खतरा।
सरकार ने किया भर्तियों को रिव्यू।

हिमाचल प्रदेश के स्कूलों में तैनात किए गए मल्टी टास्क वर्कर को पिछले चार माह से मानदेय नहीं मिल पाया है। बताया गया कि इस कारण स्कूलों में तैनात किए गए इन मल्टी टास्क वर्कर को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इसके साथ ही इन मल्टी टास्क वर्करों की भर्ती स्कूलों में भाजपा सरकार के समय में हुई थी। मल्टी टास्क वर्कर को 5625 मानदेय तय किया गया था। दूसरी ओर कांग्रेस सरकार ने सत्ता में आते ही भाजपा सरकार द्वारा लिए गए पिछले छह माह के फैसले भी रिव्यू करने की बात कही है, जिसमें एक फैसला मल्टीटास्क वर्कर की भर्ती का भी है। ऐेसे में अब इन मल्टीटास्क वर्कर की नौकरी पर भी खतरा मंडरा रहा है। नई सरकार को शिकायतें मिली हैं कि इसमें जान-पहचान के लोगों को नौकरी पर रखा गया है।
हिमाचल के नए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने इसको लेकर कमेटी बनाई है, जिसमें रिकार्ड मांगा गया है कि किन नियमों के तहत स्कूलों में मल्टीटास्क वर्कर भर्ती हुए हैं। बताया गया कि ऐसे में सरकार इन भर्तियों पर कोई भी फैसला ले सकती है। कांग्रेस विधायकों की कमेटी इस पूरे मामले में अब जांच करेगी। इसके साथ ही प्रदेश के स्कूलों में भाजपा सरकार ने आठ हजार मल्टीटास्क वर्कर को रखने के लिए आदेश किए हैं और करीब 50 फीसदी स्कूलों में मल्टीटास्क वर्कर रखे भी जा चुके हैं।



