Himachal Update:- सहायक आयुक्त ने की महिला एवं बाल विकास योजनाओं की समीक्षा।
अधिकारियों को विभिन्न योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार के दिए निर्देश।

पोषण अभियान और मिशन शक्ति सहित महिला एवं बाल विकास विभाग की विभिन्न योजनाओं से संबंधित जिला स्तरीय समितियों की संयुक्त बैठक मंगलवार को यहां सहायक आयुक्त पवन कुमार शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित की गई। इस बैठक में विभाग की विभिन्न योजनाओं एवं अभियानों की प्रगति की समीक्षा की गई।
बताया जा रहा है कि इस अवसर पर सहायक आयुक्त ने कहा कि महिलाओं और बच्चों के कल्याण तथा महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए महिला एवं बाल विकास विभाग के माध्यम से कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इसके साथ ही इन योजनाओं के क्रियान्वयन में स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा, ग्रामीण विकास, पंचायतीराज, जलशक्ति, पुलिस, उद्योग, कृषि, बागवानी, पशुपालन और कई अन्य विभाग भी महत्वपूर्ण भूमिका अदा कर सकते हैं। इसलिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि जिला में महिला एवं बाल कल्याण से संबंधित योजनाओं के शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल किए जा सके।
इस बीच पवन कुमार शर्मा ने कहा कि जिला में कुल 1351 आंगनबाड़ी केंद्र संचालित किए जा रहे हैं। इन केंद्रों केे माध्यम से 6 माह से 6 वर्ष तक की आयु के 22,196 बच्चों और 5773 गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को पोषाहार दिया जा रहा है। इनके अलावा प्रारंभिक शिक्षा विभाग के अधीन स्कूली बच्चों को मिड डे मील योजना के तहत दोपहर का भोजन उपलब्ध करवाया जा रहा है। आंगनबाड़ी केंद्रों में विभिन्न सुविधाओं की समीक्षा करते हुए सहायक आयुक्त ने कहा कि जिले के अधिकांश केंद्रों में नल से पेयजल उपलब्ध करवाया जा रहा है। उन्होंने जलशक्ति विभाग के अधिकारियों को शेष केंद्रों में भी अतिशीघ्र नल कनेक्शन लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन आंगनबाड़ी केंद्रों के भवनों और शौचालयों के निर्माण के लिए धनराशि जारी की गई है, उनके कार्य भी अतिशीघ्र पूरे होने चाहिए।



