Himachal Update:- हमीरपुर में चोरी का मामला आया सामने, सहकारी सभा के आफिस में चोरी।
लदरौर में चोरों ने ताले तोड़ उड़ाए डेढ़ लाख रुपए।

हाल ही में ग्राम पंचायत झरलोग के तहत आने वाली सहकारी सभा समिति लदरौर में गत बुधवार रात शातिरों ने ताले तोडक़र चोरी की वारदात को अंजाम दे डाला। कैंची गेट, कमरे व कार्यालय का ताला तोडक़र शातिर अंदर घुसे। बताया जा रहा है कि इस बीच अंदर रखे हुए डेढ़ लाख रुपए पर शातिरों ने हाथ साफ किया है। चोरी की वारदात का पता गुरुवार सुबह चला, जब किसी ने ताले टूटे हुए देखे।
बताया जा रहा है कि इसके बाद सभा सचिव को सूचित किया गया। मौके पर पहुंचे सेल्समैन ने जब अंदर जाकर देखा, तो पैरों तले जमीन खिसक गई। अंदर रखा हुआ कैश गायब था। कमरे के गल्ले में रखे हुए पांच हजार रुपए शातिरों ने चुरा लिए थे तथा कार्यालय से एक लाख 45 हजार कैश चोरी हुआ है। हालांकि गनीमत रही कि यहां कापियों में रखा पैसा सुरक्षित रहा। बताया गया कि इसका कारण यह रहा कि शातिरों ने कापियों को खोलकर नहीं देखा। वहीं इस बारे में पुलिस थाना भोरंज के प्रभारी सूरम सिंह का कहना है कि लदरौर खुर्द सभा समिति में चोरी की शिकायत मिली है। पुलिस मामले में आगामी छानबीन कर रही है।



