Himachal Update:- वन विभाग ड्रोन की सहायता से अवैध वन कटान पकड़ने में सक्षम।
तीन लोगों के खिलाफ चंबा थाने में एफआईआर दर्ज।

चंबा।
हिमाचल प्रदेश के जिला चंबा में वन विभाग ने पहली बार ड्रोन के जरिये जंगल में देवदार के पेड़ों के अवैध कटान का मामला पकड़ा है। बताया जा रहा है कि मामले में तीन लोगों के खिलाफ चंबा थाने में एफआईआर दर्ज करवाई गई है। गुरुवार को वनमंडल चंबा के दायरे में आने वाले मोरतू जंगल में वनरक्षक संयुक्त टीम के साथ गश्त पर थे। उन्हें जंगल में कुल्हाड़ी चलने की आवाजें सुनाई दीं। घना जंगल होने के कारण उन्हें मौके तक पहुंचने में समय लग सकता था। ड्रोन की मदद से तीन लोग देवदार के हरे भरे पेड़ काटते नजर आए।
इसके साथ ही बताया गया कि टीम ने ड्रोन से कटान वाली जगह का पता लगाया। उसके बाद वन परिक्षेत्र अधिकारी की अगुवाई में टीम वन काटुओं को पकड़ने के लिए गई। टीम के मौके पर पहुंचते ही तीन वन काटू औजार फेंककर जंगल में भाग गए। तीन में से दो की उन्होंने पहचान कर ली गई है। इनके खिलाफ चंबा थाना में एफआईआर दर्ज करवाई गई है। पेड़ काटने में इस्तेमाल में लाए गए औजार कब्जे में ले लिए हैं।



