Himachal Update:- कांगड़ा में 19 को भारत जोड़ो यात्रा का हिस्सा बनेंगे प्रदेश भर के कांग्रेसी।

राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा हिमाचल को छूते हुए जम्मू-कश्मीर की तरफ निकलेगी। बताया जा रहा है कि कांग्रेस ने इस यात्रा के लिए कांगड़ा के इंदौरा में स्वागत की तैयारी की है। ब्लॉक से लेकर प्रदेश के तमाम बड़े नेता और पदाधिकारी इस यात्रा का हिस्सा बनने वाले हैं। बताया गया कि 19 जनवरी को राहुल गांधी कांगड़ा जिला के इंदौरा में होंगे। इस मौके पर प्रदेश भर से सैकड़ों कार्यकर्ता और तमाम ब्लॉक से सभी पदाधिकारी भारत जोड़ो यात्रा का हिस्सा बनने के लिए पहुंचेंगे। यात्रा के इस पड़ाव के बाद राहुल गांधी पठानकोट की ओर बढ़ जाएंगे।
बताया गया कि कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने साफ कर दिया है कि भारत जोड़ो यात्रा के पड़ाव को सफल बनाने में संगठन पूरी ताकत झोंक देगा और इस दौरान प्रदेश भर से कांग्रेस कार्यकर्ता इंदौरा में जुटेंगे। यात्रा में मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री सहित मंत्री और कांग्रेस के सभी पदाधिकारी शामिल होंगे। उन्होंने सभी पदाधिकारियों को इस यात्रा में शामिल होने को कहा।
पहले भारत जोड़ो यात्रा के शेड्यूल से गायब थे गुजरात-हिमाचल।
बताया जा रहा है कि भारत जोड़ो यात्रा का जो शेड्यूल पूर्व में तय हुआ था, उसमें हिमाचल और गुजरात को शामिल नहीं किया गया था। खास बात यह थी कि इन दोनों ही राज्यों में विधानसभा के चुनाव थे। इस पर भाजपा ने कांग्रेस को घेरने का भरसक प्रयास किया था। अब यात्रा के अहम पड़ाव में हिमाचल को हिस्सेदारी मिल गई है। यात्रा पंजाब से होते हुए जम्मू-कश्मीर तक जानी थी, लेकिन अब यात्रा में कांगड़ा जिला के इंदौरा को शामिल कर लिया गया है। राहुल गांधी को यात्रा के दौरान देश भर में मिले समर्थन से कांग्रेस का जोश बढ़ गया है।



