धर्मशाला से कांग्रेस को क्यों भागना पड़ा, क्योंकि काम नहीं करवाए थे : सुधीर
मीडिया का भरी सभा में किया अपमान, तो आम आदमी की क्या कद्र करेंगे कांग्रेस के बड़े नेता

धर्मशाला, ब्यूरो (न्यूज अजब गजब):-
धर्मशाला से भाजपा प्रत्याशी सुधीर शर्मा ने कांग्रेस के स्टार प्रचारक प्रियंका गांधी की रैली पर बयान दिया है। तंज कसते उन्होंने कहा कि कांग्रेस धर्मशाला में रैली क्यों नहीं करवाई? अगर धर्मशाला में कांग्रेस ने विकास किया होता तो रैली के लिए चंबी मैदान की तरफ नहीं भागना पड़ता। पिछले डेढ साल से धर्मशाला के साथ अनदेखी की गई, इस लिए प्रियंका गांधी को भी जिला मुख्यालय के बजाय चंबी में रैली को संबोधित करना पड़ा।
सुधीर शर्मा ने कहा कि चंबी मैदान में पहले तो मीडिया को विशेष तौर पर बुलाया गया, लेकिन प्रियंका गांधी ने मीडिया को बिका हुआ कह कर अपमानित कर दिया। मजे की बात तो यह है कि प्रदेश के सीएम भी चुपचाप सुनते रहे। सुधीर शर्मा ने कहा कि जो लोग लोकतंत्र के चौथे स्तंभ को अपमानित कर सकते हैं तो आम आदमी की इनकी नजर में क्या कद्र होगी…
सीएम सरकार को संगठन की तरह चलाना चाहते हैं
सुधीर शर्मा ने CM पर तंज कसते हुए कहा कि सीएम सुक्खू सरकार को पार्टी संगठन की तरह चलाना चाहते थे। सुक्खू को प्रशासनिक तजुर्बा नहीं है और न ही उन्होंने इसे सीखने की जरूरत समझी। सीएम की कुर्सी मिलते ही सत्ता के नशे में मदहोश होकर जनविरोधी फैसले लेने शुरू कर दिए। चाहे वह लोगोंं को सुविधा देने वाले संस्थान हों या क्रशर, सबको बंद कर दिया। धर्मशाला के कई प्रोजेक्ट भी ठंडे बस्ते में डाल दिए। सुधीर शर्मा ने कहा कि आज लोग समझ रहे हैं कि किस तरह मुख्यमंत्री धर्मशाला से सब प्रोजेक्ट्स ले जाने की तैयारी कर रहे हैं। 15 महीनों के भीतर ही सरकार के खिलाफ लोगों में रोष इस कद्र बढ़ गया है कि जनता उनके खिलाफ बोल रही है।उन्होंने कहा कि हमारे जीतने से विधायक नहीं बल्कि प्रदेश में भाजपा की सरकार बनेगी और प्रदेश फिर से विकास के पथ पर अग्रसर होगा।



