घर में ही पिटे कांग्रेस के मंत्री-विधायक -एक भी विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी को नहीं दिला पाए लीड
सरकार होने के बाद भी कांगड़ा-चंबा से कांग्रेस प्रत्याशी आनंद शर्मा जीत दर्ज नहीं कर पाए।

धर्मशाला, ब्यूरो (न्यूज अजब गजब):-
हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस की सरकार होने के बाद भी कांगड़ा-चंबा से कांग्रेस प्रत्याशी आनंद शर्मा जीत दर्ज नहीं कर पाए। इसमें बड़ी बात यह रही है कि इस संसदीय क्षेत्र में 17 विधानसभा क्षेत्र आते हैं। इनमेंं से कांग्रेस के 11 विधायक है और छह विधायक भाजपा के हैं, जबकि धर्मशाला में उपचुनाव हुए है। कांगड़ा-चंबा संसदीय क्षेत्र की बात करें तो जहां भाजपा के विधायक थे, वहां से वे सभी भाजपा प्रत्याशी राजीव भारद्वाज को बढ़त दिलाने में कामयाब रहे, बल्कि कांग्रेसी विधायकों के गढ़ में भी भाजपा लीड निकालने में कामयाब हो गई। कांग्रेस सरकार के विधायक अपने क्षेत्र से लीड नहीं दिला पाए, जिससे एक चीज साफ हो गई है, कि कांग्रेस विधायकों का ग्राफ अपने ही क्षेत्र में गिर गया है। सता में होने के चलते उनके समक्ष लोकसभा चुनाव ही सबसे बड़ा चैलेंज था, लेकिन वह इसे पास नहीं कर पाए।
बॉक्स-
शाहपुर में केवल का ग्राफ गिरा
शाहपुर विधानसभा क्षेत्र की बात करें तो यहां से कांग्रेस के विधायक व उपसचेतक केवल सिंह पठानिया है। केवल पठानिया ने विधानसभा चुनावों में भाजपा के गढ़ में सेंध लगाकर विजय हासिल की थी। उनकी जीत इस लिए भी अहम भी क्योंकि यहां से भाजपा लगातार जीतती आ रही थी। लेकिन 15 महीनोंं में शाहपुर ने जनता ने क्यों मुंह फेर लिया यह कांग्रेस के लिए मंथन करने की जरूरत है। यहां डा. राजीव भारद्वाज को 41520 और आनंद शर्मा को 19781 ही वोट मिले।
बॉक्स-
जवाली में चंद्र का चौधरी फैक्टर फेल
विधानसभा क्षेत्र जवाली से चौधरी चंद्र कुमार हिमाचल सरकार में कृषि मंत्री हैं। यह विधानसभा क्षेत्र चौधरी बेल्ट भी मानी जाती है, लेकिन यहां से भी चौधरी चंद्र कुमार आनंद शर्मा को लीड दिलाने में कामयाब नहीं हो पाए। यहां डा. राजीव भारद्वाज को 40204 और आनंद शर्मा को 27564 ही वोट मिले।
बॉक्स-
फतेहपुर को फतेह नहीं कर पाए भवानी
फतेहपुर सीट कांग्रेस का गढ़ मानी जाती है। यहां पूर्व मंत्री स्वं सुजान सिंह पठानिया के बेटे भवानी पठानिया मौजूदा हिमाचल सरकार में जल बोर्ड के उपाध्यक्ष है, लेकिन फतेहपुर से भी कांग्रेस प्रत्याशी लीड नहीं ले पाया है। यहां डा. राजीव भारद्वाज को 36577 और आनंद शर्मा को 22212 ही वोट मिले।
बॉक्स-
इंदौरा में मलेंद्र राजन नहीं पाए कमाल
विधानसभा चुनावों में जीत दर्ज कर सबकों चौंका देने वाले इंदौरा के विधायक मलेंद्र राजन लोकसभा चुनावों में जनता का दिल जीतने में कामयाब नहीं हो पाए और भाजपा प्रत्याशी को यहां से भी बंपर समर्थन मिला। यहां डा. राजीव भारद्वाज को 38956 और आनंद शर्मा को 24926 ही वोट मिले।
बाक्स
सीपीएस आशीष बुटेल भी नहीं कर पाए कोई करिश्मा
हिमाचल सरकार में सीपीएस और पालमपुर के विधायक पालमपुर से कांग्रेस प्रत्याशी को लीड दिलाने में कामयाब नहीं हो पाए। हालांकि पालमपुर कांग्रेस का गढ़ माना जाता है, लेकिन आनंद शर्मा को यहां से भी लीड नहीं मिल पाई। यहां डा. राजीव भारद्वाज को 30402 और आनंद शर्मा को 21684 ही वोट मिले।
बॉक्स-
जयसिंहपुर में गोमा भी पिछड़े
कांग्रेस सरकार में मंत्री और जयसिंहपुर के विधायक यादविंदर गोमा भी विधानसभा चुनावों जैसा कोई चमत्कार नहीं कर पाए, लिहाजा कांग्रेस प्रत्याशी आनंद शर्मा को यहां से भी बड़ा मार्जिन नहीं मिल पाया। यहां डा. राजीव भारद्वाज को 30938 और आनंद शर्मा को 22105 ही वोट मिले।
बॉक्स-
बैजनाथ में सीपीएस किशोरी लाल पिछड़े
बैजनाथ विधानसभा क्षेत्र के विधायक और सीपीएम किशोरी लाल विधानसभा चुनावों जैसा रुतबा कायम नहीं रख पाए। सीपीएस होने के बाद भी वह कांग्रेस को यहां से बढ़त नहीं दिखा पाए। यहां डा. राजीव भारद्वाज को 36466 और आनंद शर्मा को 19385 ही वोट मिले।
बाक्स-
नगरोटा में नही चला बाली का बल
नगरोटा के विधायक और प्रदेश सरकार में कैबिनेट रैंक मंत्री आरएस बाली भी कांग्रेस के लिए लीड दिलाने में पूरी तरह से नाकामयाब रहे। हालांकि आरएस बाली को धर्मशाला का चुनाव प्रभारी बनाया गया, लेकिन यहां भी कांग्रेस के लिए संतोषजक कुछ नहीं रहा। यहां डा. राजीव भारद्वाज को 35259 और आनंद शर्मा को 27038 ही वोट मिले।
बॉक्स-
संजय रतन नहीं कर पाए कमाल
विधानसभा चुनावों में जीत दर्ज करने वाले ज्वालामुखी के विधायक संजय रतन भी लोकसभा चुनावों में खासा कमाल नहीं कर पाए , इसी का नतीजा यह रहा कि यहां से भी कांग्रेस प्रत्याशी लीड के लिए तरसता रहा। यहां डा. राजीव भारद्वाज को 35357 और आनंद शर्मा को 19887 ही वोट मिले।
बॉक्स-
भटियात में नहीं चला कुलदीप का जादू
हिमाचल प्रदेश के विधानसभा अध्यक्ष और भटियात के विधायक कुलदीप सिंह पठानिया भी अपने विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस को लीड नहीं दिला पाए। यहां डा. राजीव भारद्वाज को 35594 और आनंद शर्मा को 19428 ही वोट मिले।
बाक्स-
नीरज नैयर भी नहीं चले
चंबा सदर विस के विधायक नीरज नैयर भी कांग्रेस प्रत्याशी को बढ़त दिलाने में नाकामयाव रहे। यहां डा. राजीव भारद्वाज को 38903 और आनंद शर्मा को 19430 ही वोट मिले।



