पठानकोट: सेना के जवान ने दो हवलदारों को मारी गोली

पंजाब के पठानकोट से एक बड़ी ही दुखद खबर सामने आ रही है। पठानकोट के मीरथल में एक सना के जवान ने अपने दो अधिकारियों को गोली मार दी। दोनों की मौत हो गई। आरोपी जवान मौके से फरार हो गया। घटना मीरथल स्थित 15 गार्ड बटालियन की है। मरने वाले अधिकारियों में पश्चिम बंगाल के जिला हुबली, नीर बोएपुर निवासी हवलदार गोरी शंकर हट्टी और महाराष्ट्र के जिला लातूर बड़ेगांव निवासी तेलांगी सूर्या कांत शेशीराव शामिल हैं। आरोपी लोकेश कुमार धु्रव छतीयगढ़ के जिला बलौदा बजार, गांव गदीदां का रहने वाला है। सूचना मिलने के बाद थाना नंगलभूर की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। पता चला है कि आरोपी लोकेश बैरक के बाहर निगरानी में था। रात ढाई बजे गोलियों की आवाज आई। आवाज सुनकर अन्य जवान मौके पर पहुंचे। देखा कि लोकेश के हाथ में इंसास राइफल थी। वहीं पास में हवलदार तेलांगी और गौरी शंकर खून से लथपथ तड़प रहे थे। आरोपी राइफल छोड़ कर भाग खड़ा हुआ। घायलों को मिलिट्री अस्पताल पहुंचाया पर इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।



