मणिपुर में आर्मी कैंप के पास लैंडस्लाइड

मणिपुर में आर्मी के पास लैंडस्लाइड हुआ है जिसमें अब तक सात लोगों की मौत होने की खबर है। 19 जवानों को सुरक्षित बचा लिया गया है, लेकिन 55 लोग अभी भी लापता है,जिनकी तलाश जारी है। मणिपुर में यह लैंडस्लाइड नोनी जिले में हुआ। यहां तुपुल रेलवे स्टेशन के पास भारतीय सेना की 107 टेरिटोरियल आर्मी का कैंप लगा हुआ था। उस लोकेशन को भी लैंडस्लाइड में नुकसान पहुंचा है। नोनी जिला के एसडीओ सोलोमन एल फिमेट ने बताया कि अब तक सात लोगों के शव निकाले जा चुके हैं। इसके अलावा जिन लोगों का रेस्क्यू किया गया है, उन्हें अस्पताल ले जाया जा रहा है।
लगातार बारिश के कारण बड़े पैमाने पर हुए भूस्खलन से जिरीबाम इंफाल नई लाइन परियोजना के तुपुल स्टेशन की इमारत को नुकसान पहुंचा है। साथ ही भूस्खलन के कारण ट्रैक निर्माण कार्य को बड़़े स्तर पर नुकसान हुआ है। हादसे में घायल लोगों का इलाज नोनी आर्मी मेडिकल यूनिट में किया जा रहा है। खराब मौसम और हाल ही में हुए भूस्खलन के कारण बचाव कार्य में कई तरह की बाधाओं का सामना करना पड़ रहा है।
पीएम मोदी ने भी इस घटना पर दुख जताया है। पीएम ने टवीट कर बताया कि उन्होंने मणिपुर के मुख्यमंत्री से इस घटना को लेकर बात की है और भूस्खलन के कारण बने हालात की समीक्षा की साथ ही उन्होंने केंद्र से हर संभव मदद का आश्वासन भी दिया। पीएम मोदी ने कहा कि मेरी संवेदनाएं घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
लैंडस्लाइड के बाद मणिपुर सरकार एक्शन मोड में है। सीएम एन बीरेन सिंह ने लैंडस्लाइड की जानकारी लेने के लिए आपातकालीन मीटिंग बुलाई है। फिलहाल वहां राहत और बचाव का काम जारी है।



