कांगड़ा : सुनहेत में सड़क हादसा एक ही परिवार के चार लोग घायल
कांगड़ा के उपमंडल देहरा के तहत पड़ते सुनहेत में सोमवार सुबह एक सड़क हादसा पेश आया है। हादसे में एक ही परिवार के चार लोग घायल हुए हैं। जिनमें से दो की हालत गंभीर है। घायलों को टांडा मेडिकल कालेज रेफर कर दिया गया है। जानकारी के अनुसार पालमपुर के राजपुरा निवासी 62 वर्षी रामप्रसाद उनकी पत्नी 55 वर्षीय सीमा देवी, उनका बेटा 31 वर्षीय शिवम शर्मा और बहू 28 वर्षीय पूनम शर्मा नैहरनपुखर में रिश्तेदारों के पास पारिवारिक समारोह में शामिल होने आए थे। सोमवार सुबह करीब 5:45 बजे लोग घर लोट रहे थे इसी बीच यह हादसा हो गया। कार शिवम चला रहा था और पूनम अगली सीट पर बैठी थी। बताया जा रहा है कि सामने एक कुत्ता आ गया, उसे बचाने के चक्कर में चालक का अपना बैलेंस बिगड़ गया। इसी के साथ गाड़ी सफेदे के पेड़ से टकरा गई। हादसे में घायल नव विवाहित जोड़े शिवम और पूनम की पांच दिन पहले ही शादी हुई है। दोनों की हालत गंभीर बताई जा रही है। देहरा के डीएसपी अंकित शर्मा के अनुसार सभी घायल का इलाज टांडा मेडिकल कालेज में चल रहा है।



