जोगिंद्रनगर : पांच बच्चों को प्रशासन ने आज किया सम्मानित

हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड की 10वीं व 12वीं परीक्षा में प्रदेश भर में पहले दस स्थान में मेरिट प्राप्त करने वाले जोगिंद्रनगर क्षेत्र के पांच बच्चों को जोगिंद्रनगर प्रशासन ने आज सम्मानित किया। इसके अलावा हिमाचल प्रशासनिक परीक्षा में चयन होने जोगिंद्रनगर निवासी चिराग शर्मा व एनडीए में चयनित होने वाले सृजन को भी सम्मानित किया। हर्बल गार्डन जोगिंद्रनगर के सभागार में आयोजित इस प्रतिभा सम्मान समारोह में जोगिंद्रनगर के विधायक प्रकाश राणा ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। इस मौके पर भाजपा मंडल अध्यक्ष पंकज जंबाल, एसडीएम जोगिंद्रनगर डॉ मेजर विशाल शर्मा भी विशेष तौर पर मौजूद रहे।
इस अवसर पर उपस्थित बच्चों, अभिभावकों को संबोधित करते हुए विधायक प्रकाश राणा ने कहा कि जोगिंद्रनगर प्रशासन द्वारा बोर्ड की परीक्षाओं में मेरिट हासिल करने वाले बच्चों को सम्मानित करना इस क्षेत्र के इतिहास में यह एक ऐतिहासिक दिन बन गया है। उन्होंने कहा कि इस तरह का आयोजन प्रत्येक वर्ष करने का प्रयास किया जाएगा ताकि हमारे प्रतिभाशाली बच्चों को आगे बढऩे के लिए प्रेरित किया जा सके। उन्होंने प्रदेश भर में पहले दस स्थान में मेरिट हासिल करने वाले बच्चों व उनके अभिभावकों व गुरूजनों को बधाई दी तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
प्रकाश राणा ने कहा कि बच्चे जीवन में आगे बढ़ते वक्त आने वाली किसी भी मुसीबत में धैर्य बनाए रखें तथा अपने निर्धारित लक्ष्य प्राप्ति के लिए अडिग़ रहकर कड़ा परिश्रम करें। साथ ही अभिभावकों से आहवान किया कि जैसे ही बच्चा किशोरावस्था में पहुंचता है, तो वे उसके साथ दोस्त सा व्यवहार करें। उन्होंने बच्चों को जीवन में आगे बढऩे के लिए सकारात्मक सोच बनाए रखने, दूसरों का हमेशा आशीर्वाद प्राप्त करने तथा नशे से दूर रहने का आह्वान किया।
साथ ही कहा कि जोगिंद्रनगर प्रशासन ने बेहतरीन कार्य करते हुए जोगिंद्रनगर में सार्वजनिक पुस्तकालय की शुरुआत की है जिसका आने वाले समय में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में जुटे युवाओं को जरूर लाभ मिलेगा। उन्होंने अपनी ओर से इन प्रतिभाशाली बच्चों को 25-25 सौ रुपए की नकद राशि भी प्रदान की। इस मौके पर भाजपा मंडल अध्यक्ष पंकज जंबाल ने भी मेरिट हासिल करने वाली सभी बेटियों व उनके अभिभावकों को बधाई दी। साथ ही जोगिंद्रनगर प्रशासन द्वारा प्रतिभा सम्मान समारोह के आयोजन के लिए आभार जताया। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन से हमारे बच्चे जीवन में आगे बढऩे के लिए प्रेरित होंगे।
जोगिंद्रनगर प्रशासन ने पब्लिक लाइब्रेरी की शुरुआत की है। जिसके लिए जहां स्वर्गीय सांसद राम स्वरूप शर्मा ने अपना सहयोग प्रदान किया है, तो वहीं स्थानीय विधायक ने फर्नीचर उपलब्ध करवाया है। इसके अलावा समाज के विभिन्न वर्गों के लोग प्रशासन का लाइब्रेरी संचालन में निरन्तर सहयोग कर रहे हैं।



