रिवालसर : आवारा पशुओं से परेशान लोग

नगर पंचायत रिवालसर में आए दिन बेसहारा जानवरों के हमले से लोगों के घायल होने का सिलसिला थम नहीं रहा है। बीते कल स्थानीय दुकानदार को बेसहारा बैल के द्वारा उठा कर पटकने का मामला सामने आया है। दुकानदार मुकेश शाम लगभग आठ बजे अपनी दुकान बंद कर के सब्जी खरीदने के लिए रुक गया था, तभी अचानक से एक बेसहारा बैल ने मुकेश को उठा कर सड़क पर पटक दिया। बैल के पटकने से मुकेश घायल हो गया। जिस पर मुकेश का निजी क्लीनिक में उपचार करवाया गया। गनीमत रही की मुकेश को गहरी चोट नहीं आई। कुछ दिन पहले भी अमर सिंह को बेसहारा बैल ने उठा कर पटक दिया था, जिससे अमर सिंह के कान पर 13 टांके लगाने पड़े थे। अमित, अनिल, विनोद, राजेश, हरीश, मुंशी राम सहित लोगों ने कहा कि आए दिन बेसहारा बैल लोगों को घायल कर रहा है। स्थानीय लोगों ने नगर पंचायत से गुहार लगाई है कि जनता को बेसहारा बैल के आतंक से निजात दिलाई जाए।



