
हाल ही में जोगिंदर नगर उपमंडल की बदेहड पंचायत के मालू गांव की महिला सपना कुमारी की मौत पर मायका पक्ष के लोगों की शिकायत पर जोगिंदर नगर पुलिस ने महिला के पति और सास को हिरासत में ले लिया है। बताया जा रहा है कि सपना के भाई मनीष व मां शकुंतला ने ससुराल पक्ष पर बेटी की हत्या का आरोप लगाया था व शनिवार को वार्ड सदस्य शशि कुमारी की अगुआई में ग्रामीणों ने चौंतड़ा चौकी में प्रदर्शन कर हत्या का मामला दर्ज करने की मांग की थी।
इस बीच बताया जा रहा है कि सपना की शादी 2019 में संगनेहड पंचायत के सरोहली गांव के प्रदीप कुमार से हुई थी। चार दिन पहले सपना कुमारी की ससुराल में तबीयत बिगड़ने पर उसे सिविल अस्पताल बैजनाथ में उपचार के लिए ले जाया गया था। जहां पर उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई है। जिसकी जानकारी परिजनों को देरी से दी गई जिसके चलते उन्होंने बेटी की मौत के मामले में आशंका जताई थी। इस मामले की पुष्टि करते व जानकारी देते हुए अतिरिक्त पुलिस थाना प्रभारी जोगिंदर नगर राजेश कुमार ने बताया कि मायका पक्ष की शिकायत के आधार पर ससुराल पक्ष पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मृतक सपना की सास और पति को जोगिंदर नगर पुलिस द्वारा शनिवार शाम को गिरफ्तार कर लिया गया है व उन्हें आज न्यायालय में पेश किया जाएगा।



