जोगिंद्रनगर : शैक्षणिक भ्रमण पर पहुंचे विश्वविद्यालय नौणी व महाविद्यालय नेरी हमीरपुर के 53 छात्र

सोमवार को आयुष अनुसंधान संस्थान हर्बल गार्डन एवं हरबेरियम जोगिंद्रनगर जिला मंडी में औद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय नौणी व वानिकी महाविद्यालय नेरी हमीरपुर के 53 प्रशिक्षु छात्र शैक्षणिक भ्रमण पर वैज्ञानिक डाक्टर सोमदत्त व डाक्टर नवजोत कलेर की अगुवाई में पधारे। भ्रमण के दौरान परियोजना अधिकारी एवं प्रभारी आरआईआई एसएम उज्जवल दीप शर्मा ने सभी का संस्थान में पधारने पर स्वागत किया। सभी को इस संस्थान द्वारा चलाई जा रही गतिविधियों के बारे में पीपीटी के माध्यम से विस्तार पूर्वक बताया गया। वनस्पतिज्ञ मदन लाल ने छात्रों को संग्रहालय का भ्रमण करवाया तथा हरबेरियम में रखे गए औषधीय नमूनों को कैसे बनाया व वैज्ञानिक तरीके से भंडारित किया जाता है के बारे में विस्तार से नमूना सहित चर्चा की। सहायक वनस्पतिज्ञ महिमा ठाकुर ने सभी छात्रों को उद्यान में उगाए गए। औषधीय पौधों से अवगत करवाया तथा इन पौधों के औषधीय गुणों पर विस्तार से बताया । छात्रों ने बताया कि उन्हें यहां आकर दुर्लभ औषधीय पौधों को उद्यान व हरबेरियम में देखकर बहुत प्रसन्नता हुई क्योंकि बहुत सारे पौधों को उन्होंने यहीं पर पहली बार देखा है। छात्रों के साथ आए वैज्ञानिकों ने इस संस्थान द्वारा औषधीय पौधों का संरक्षण व संवर्धन संबंधी कार्य की भूरी भूरी प्रशंसा की और कहा कि शैक्षणिक भ्रमण के लिए यह संस्थान एक अति महत्त्वपूर्ण स्थान रखता है।



