खेलो इंडिया यूथ गेम्स में पदक जीतने वालों को सरकार नकद पुरस्कार से करेगी सम्मानित

खेलो इंडिया यूथ गेम्स में पदक जीतने वाले खिलाडिय़ों को हिमाचल प्रदेश सरकार नकद पुरस्कार से सम्मानित करेगी। स्वर्ण जीतने वाले खिलाड़ी को एक लाख, रजत पदक पर 70 हजार और कांस्य लाने वाले खिलाड़ी को सरकार 40 हजार रुपए का पुरस्कार देगी। पिछले दिनों हुई हरियाणा में प्रतियोगिता में हिमाचल ने तीन स्वर्ण समेत छह पदक हासिल किए हैं। इन सभी खिलाडिय़ों को नकद पुरस्कार मिलेगा।
22 जून को कार्यक्रम प्रस्तावित
राज्य खेल विभाग ने 22 जून, को राजधानी शिमला स्थित होटल पीटरहॉफ में इन खिलाडिय़ों को सम्मानित करने की तैयारी की है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से कार्यक्रम के लिए समय मांगा गया है। पंचकूला में चार से 13 जून तक खेलो इंडिया यूथ गेम्स में हिमाचल के खिलाडिय़ों ने छह मेडल जीते। इनमें तीन स्वर्ण, दो रजत और एक कांस्य पदक है।
नई खेल नीति में पुरस्कार राशि में बढ़ोतरी
पहले स्वर्ण पर 30 हजार, रजत पर 20 हजार और रजत पदक मिलने पर 10 हजार रुपए दिए जाते थे। अब नई खेल नीति में पुरस्कार राशि में बढ़ोतरी की है। पहली बार प्रशिक्षकों को भी नकद पुरस्कार देने का फैसला लिया है। प्रशिक्षकों को खिलाडिय़ों को दी जाने वाली कुल राशि का पचास फीसदी दिया जाएगा।
हरियाणा में चमकाया नाम
पुरुष कबड्डी में हिमाचल की टीम ने गोल्ड मेडल जीता। मुक्केबाजी में चार पदक और मुक्केबाजी में हिमाचल की महिला टीम ने रनरअप ट्रॉफी हासिल की। किन्नौर की दो बॉक्सरों स्नेहा ने 66 किलोग्राम भार वर्ग में और रितु ने 52 किलोग्राम में गोल्ड मेडल जीता। मनाली की एकता ने 75 किलोग्राम भार वर्ग में सिल्वर मेडल व मंडी के बॉक्सर हिमांशु ने 80 किलोग्राम भार वर्ग में कांस्य पदक जीता। खेलो इंडिया यूथ गेम्स में महिला हैंडबाल में प्रदेश की टीम ने रजत पदक जीता है। खेलो इंडिया में प्रदेश अंक तालिका में 18वें स्थान पर रहा।



