मंडी : प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सेरी और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जाच्छ का किया शुभारंभ

स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण व आयुष मंत्री डा. राजीव सैजल ने आज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सेरी और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जाच्छ का शुभारंभ किया। नाचन विधानसभा क्षेत्र के विधायक विनोद कुमार भी कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। डा. राजीव सैजल ने जनसमूह को संबोधित करते हुए केंद्र व प्रदेश सरकार के अनेक विकास कार्यों की चर्चा की। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में जहां एक ओर प्रत्येक राज्य का विकास हो रहा है, वहीं दुनियाभर में भारत की अलग पहचान बन रही है। उन्होंनेे कहा कि हिमाचलवासी बहुत सौभाग्यशाली हैं, जिन्हे केंद्र और प्रदेश दोनों जगह ऐसा नेतृत्व मिला है, जिन्होंने खुद गरीबी को नजदीक से जिया है और दिन रात देश व प्रदेश के लोगों की सेवा कर रहे हैं। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के कुशल नेतृत्व में वर्तमान सरकार द्वारा साढ़े चार वर्षों में प्रदेश के प्रत्येक वर्गों का बिना भेदभाव से एक समान विकास किया है तथा जनसमस्याओं का ईमानदारी के साथ समाधान करने का प्रयास किया गया है। केंद्र तथा राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं -सामाजिक सुरक्षा पेंशन, गृहिणी सुविधा योजना, जल जीवन मिशन, किसान सम्मान निधि योजना, जन धन योजना, हिम केयर योजना इत्यादि के बारे में भी लोगों को अवगत करवाया और बताया कि मुख्यमंत्री गृहणी सुविधा योजना के अंतर्गत प्रदेश में 3 लाख 30 हजार परिवारों को लाभ मिला है, प्रधानमंत्री जनधन योजना के अंतर्गत 40 करोड़ लोगों के बैंक के खाते खोले गए हैं जिनमें प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत 2 हजार रुपए की सालाना तीन किस्तें सीधे किसानों के खाते में डाली जाती है।
प्रदेश सरकार द्वारा हिमाचल वासियों के लिए मुफ्त पीने का पानी, मुफ्त 125 यूनिट बिजली और महिलाओं के लिए बस किराए में 50 प्रतिशत छूट देने के लिए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की सराहना की।



